SURAJPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवनंदनपुर में चुनावी चर्चा के दौरान हुए विवाद ने राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं से अभद्रता, गाली-गलौज और हथियार दिखाकर धमकाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

जानकारी के मुताबिक नगर पंचायत शिवनंदनपुर में आगामी 1 जून को चुनाव होना है। चुनावी माहौल के बीच राजनीतिक चर्चाओं को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विवाद के दौरान नरेंद्र जैन ने अपशब्दों का इस्तेमाल किया और हथियार दिखाकर डराने-धमकाने की कोशिश की।


मामले को गंभीर मानते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष ने बिश्रामपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कांग्रेस नेता नरेंद्र जैन के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद इलाके में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। वहीं प्रशासन आगामी नगर पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की तैयारी में जुटा हुआ है।





































