लखनऊ : राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में कार शोरूम के सर्विस मैनेजर की मौत हो गई। निर्माणाधीन होटल की दूसरी मंजिल से मजदूरों द्वारा नीचे फेंकी गई सीमेंट की बोरी गली से गुजर रहे युवक के सिर पर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिक खून बहने के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने होटल मालिक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, देवरिया निवासी 35 वर्षीय अनूप सिंह आईटी चौराहे के पास स्थित एक कार शोरूम में सर्विस मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। वह चिनहट के नौबस्ता कला स्थित वसुंधरा विहार कॉलोनी में किराए पर रहते थे। बुधवार को जब वह गली से गुजर रहे थे, तभी पास में बन रहे होटल की दूसरी मंजिल से मजदूरों ने सूखी सीमेंट की बोरी नीचे फेंक दी, जो सीधे उनके सिर पर आ गिरी। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और कान से भी काफी खून बहने लगा।
परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद होटल मालिक और कर्मचारियों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाने के बजाय लापरवाही बरती। उनका कहना है कि काफी समय मलबा हटाने में ही निकल गया, जिससे अनूप को समय पर इलाज नहीं मिल सका। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर होटल मालिक और कर्मचारियों ने उन्हें धमकी दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने निर्माणाधीन होटल के मालिक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अनूप सिंह अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि उनके पिता भी कैंसर से पीड़ित हैं। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।


































