RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ आईएफएस अधिकारी अरूण कुमार पाण्डेय को राज्य का नया प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) एवं वन बल प्रमुख नियुक्त किया है। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक वे 31 मई को रिटायर हो रहे मौजूदा PCCF व्ही. श्रीनिवास राव की जगह जिम्मेदारी संभालेंगे। मंत्रालय से जारी आदेश में बताया गया है कि अरूण कुमार पाण्डेय 1994 बैच के भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारी हैं।

फिलहाल वे प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव प्रबंधन एवं जैव विविधता संरक्षण) और मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक के पद पर कार्यरत थे। अब उन्हें राज्य के सबसे बड़े वन प्रशासनिक पद की जिम्मेदारी दी गई है। सरकार ने अरूण पाण्डेय की नियुक्ति Apex Scale Level-17 Pay Matrix के तहत की है। आदेश के अनुसार उन्हें 2 लाख 25 हजार रुपए फिक्स वेतनमान पर नियुक्त किया गया है।

यह राज्य के वन विभाग का सर्वोच्च प्रशासनिक पद माना जाता है। सूत्रों के मुताबिक नए PCCF के चयन के लिए विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में अरूण पाण्डेय के साथ वरिष्ठ अधिकारियों अनिल साहू और कौशलेंद्र कुमार के नाम पर भी चर्चा हुई। लंबी प्रक्रिया और मंथन के बाद सरकार ने अरूण पाण्डेय के नाम पर अंतिम सहमति दी।

वन्यजीव और जैव विविधता में रहा खास अनुभव
अरूण पाण्डेय लंबे समय से वन्यजीव प्रबंधन और जैव विविधता संरक्षण से जुड़े अहम पदों पर काम कर चुके हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि आने वाले समय में राज्य में जंगल संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा, मानव-वन्यजीव संघर्ष और जलवायु परिवर्तन से जुड़े मुद्दों पर उनकी प्राथमिक भूमिका देखने को मिलेगी।

मंत्रालय ने जारी किया आधिकारिक आदेश
वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा जारी आदेश पर विशेष सचिव जनक प्रसाद पाठक के डिजिटल हस्ताक्षर हैं। आदेश की प्रतिलिपि केंद्र सरकार के पर्यावरण मंत्रालय, मुख्यमंत्री सचिवालय, महालेखाकार और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजी गई है।





































