RAIPUR NEWS. आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के बयान पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास न नेतृत्व बचा है और न ही नीयत, इसलिए वह भ्रम और अफवाह फैलाने में लगी हुई है। मीडिया से बातचीत में साव ने कहा कि कांग्रेस अब अर्बन नक्सल की तरह देश में भ्रम फैलाने का काम कर रही है और पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है।

डिप्टी सीएम अरुण साव के मुताबिक, जनता कांग्रेस से दूरी बना चुकी है और आने वाले चुनावों में इसका कोई फायदा उसे नहीं मिलने वाला। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे पर कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए साव ने कहा कि पार्टी बेबुनियाद बातें कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी गई है, जिससे छत्तीसगढ़ में सकारात्मक माहौल बना है।

साव ने दावा किया कि बस्तर अब विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और उसे देश का सबसे विकसित आदिवासी संभाग बनाने का संकल्प सरकार पूरा करेगी। कांग्रेस के उस आरोप पर कि शाह उद्योगपतियों के लिए जमीन देखने आ रहे हैं, साव ने कहा कि यह सिर्फ अफवाह है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बस्तर की मूल समस्याओं—पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और सड़क निर्माणकी चिंता नहीं है।

साव ने यह भी बताया कि बस्तर ओलंपिक में करीब 3 लाख 91 हजार आदिवासियों ने पंजीयन कराया, जो क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव का संकेत है। उनके अनुसार, देश की जनता कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को पहले ही नकार चुकी है।

सुशासन तिहार के दौरान कांग्रेस द्वारा सरकार की कमियां गिनाने के सवाल पर साव ने कहा कि जनता ने कांग्रेस को अपने मन और घर से बाहर कर दिया है। वहीं पद्मश्री फूलबासन यादव के कथित अपहरण प्रयास पर उन्होंने कहा कि प्रशासन इस पर संज्ञान लेगा। साथ ही कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसके शासन में प्रदेश अपराध का गढ़ बन गया था, ऐसे में उसे इस मुद्दे पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है।



































