Bilaspur Love JIhad : बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ी में एक 25 वर्षीय हिन्दू युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। परिवार का आरोप है कि गांव में पंचर की दुकान चलाने वाले मुस्लिम युवक शाहिद अफरीदी ने युवती को बहला-फुसलाकर उसके साथ ले गया है।

परिवार के अनुसार, 5 मई को युवती घर से गायब हो गई। उसी दिन शाहिद अफरीदी भी लापता हो गया। परिजनों ने तुरंत रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए युवती के माता-पिता, दादा और बड़ी संख्या में ग्रामीण एसएसपी रजनेश सिंह के पास पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई।

परिवार का कहना है कि शाहिद अफरीदी बिहार का रहने वाला है और उसका परिवार करीब 10 साल पहले रतनपुर के ग्राम पोड़ी में आकर बस गया था। वे यहां पंचर की दुकान चला रहे हैं। परिजनों ने इसे लव जिहाद का मामला बताते हुए आरोप लगाया है कि शाहिद ने युवती को फुसलाकर भगा लिया है। परिवार का यह भी आरोप है कि शाहिद के परिजनों को दोनों की मौजूदा लोकेशन की जानकारी है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने परिजनों को आश्वासन दिया कि पुलिस युवती की तलाश में पूरी तरह सक्रिय है और मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस मामले में ठोस प्रगति देखने को मिलेगी।

रतनपुर पुलिस इस समय युवती और शाहिद अफरीदी दोनों की तलाश कर रही है। जांच जारी है और पूरी सच्चाई सामने आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



































