RAIPUR NEWS. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन संरक्षण और संसाधनों के संयमित उपयोग के आह्वान का समर्थन करते हुए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक ऊर्जा संकट और पर्यावरणीय चुनौतियों के दौर में पेट्रोल-डीजल जैसे संसाधनों का जिम्मेदारी से उपयोग करना हर नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल आर्थिक जरूरत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा अहम विषय है।

इसी सोच के तहत राज्य सरकार अब शासकीय स्तर पर ईंधन की खपत कम करने के लिए ठोस कदम उठाएगी। उन्होंने घोषणा की कि उनके आधिकारिक दौरों में अब केवल अत्यावश्यक वाहनों को ही कारकेड में शामिल किया जाएगा। साथ ही मंत्रियों और निगम-मंडलों के पदाधिकारियों से भी सरकारी वाहनों और संसाधनों का सीमित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने का आग्रह किया गया है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार चरणबद्ध तरीके से सभी शासकीय वाहनों को इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) में बदलने की दिशा में काम शुरू करेगी। उनका कहना है कि इससे ईंधन की बचत के साथ प्रदूषण नियंत्रण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने प्रदेशवासियों से सार्वजनिक परिवहन का ज्यादा उपयोग करने, कारपूलिंग अपनाने और अनावश्यक निजी वाहनों के इस्तेमाल से बचने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर बड़ा सकारात्मक परिवर्तन संभव है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ ईंधन संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हर जागरूक नागरिक का छोटा प्रयास भी देश की ऊर्जा सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक मजबूती में महत्वपूर्ण योगदान देगा।




































