RAIPUR NEWS. राजधानी में फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक कारोबारी से 33.20 लाख रुपए ऐंठ लिए गए। आरोपियों ने खुद को ब्रांडेड कंपनी का डायरेक्टर बताकर मेडिकल मॉल खोलने का झांसा दिया और योजनाबद्ध तरीके से रकम वसूलकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, बंजारी चौक निवासी 31 वर्षीय प्रतीक साहू की पहचान साल 2023 में सोशल मीडिया के जरिए अमनदीप पाल से हुई थी।

अमनदीप ने खुद को “टास्कर ग्लोबल” कंपनी का डायरेक्टर बताते हुए मेडिकल मॉल की फ्रेंचाइजी का प्रस्ताव रखा। उसने दावा किया कि इस मॉल में दवाइयों से लेकर सभी मेडिकल उपकरण एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे, जिससे बड़ा मुनाफा होगा। आरोपी ने फ्रेंचाइजी के लिए कुल 45 लाख रुपए की मांग रखी थी। भरोसा जीतने के लिए अमनदीप ने अपने साथियों प्रसून पाल और उत्कर्ष कश्यप के साथ मौदहापारा इलाके में एक ऑफिस भी शुरू किया।

इससे पीड़ित का विश्वास और मजबूत हो गया। इसके बाद अलग-अलग किश्तों में प्रतीक साहू से कुल 33.20 लाख रुपए ले लिए गए। करीब एक साल तक जब कोई काम शुरू नहीं हुआ, तो पीड़ित ने आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की। इस दौरान पता चला कि ऑफिस पर ताला लगा हुआ है और सभी आरोपी फरार हो चुके हैं। साथ ही ली गई रकम भी वापस नहीं की गई।

मामले की शिकायत मिलने पर मौदहापारा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

ऐसे रहे सतर्क
फ्रेंचाइजी या निवेश से पहले कंपनी और व्यक्ति की पहचान की पूरी जांच करें। बिना लिखित एग्रीमेंट बड़ी रकम न दें और जल्दबाजी में फैसला लेने से बचें। केवल ऑफिस देखकर भरोसा न करें, ऑनलाइन रिव्यू जरूर देखें। संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस या साइबर सेल से संपर्क करें—सतर्कता ही ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।




































