बिलासपुर: न्यायधानी में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या करवा दी। पुलिस पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
पैसों का बहाना बनाकर पति को लाई बिलासपुर
सिरगिट्टी पुलिस के अनुसार, झारखंड निवासी पूनम लोंमगा 18 मई को अपने पति विनोद लोंमगा को पैसों का बहाना बनाकर ट्रेन से बिलासपुर लेकर आई थी। पहले से बनाई गई साजिश के तहत महिला का प्रेमी सुगर टोपनो और उसके दो साथी रेलवे ट्रैक के पास मौजूद थे।
रेलवे ट्रैक के पास की हत्या
बताया जा रहा है कि जैसे ही विनोद मौके पर पहुंचा, आरोपियों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को रेलवे ट्रैक पार पानी भरे इलाके में फेंक दिया गया।
पूछताछ में खुला राज
मामले का खुलासा तब हुआ जब झारखंड पुलिस एक महिला को पूछताछ के लिए बिलासपुर लेकर पहुंची। सख्ती से पूछताछ करने पर महिला ने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।
शव बरामद, आरोपी फरार
महिला की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि उसका प्रेमी और अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।



































