KOLKATA NEWS. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में इस बार खेला होने की पूरी उम्मीद दिख रही है। प्रदेश की की 293 सीटों पर मतगणना जारी है, जबकि फालता सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान होना है। शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बढ़त मिलती दिख रही है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक BJP करीब 150 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस (TMC) लगभग 92 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

दिग्गज नेताओं की सीटों की बात करें तो भवानीपुर से ममता बनर्जी बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं नंदीग्राम सीट पर सुवेंदु अधिकारी ने पोस्टल बैलेट में पिछड़ने के बाद EVM की गिनती में वापसी करते हुए करीब 3,100 वोटों की बढ़त बना ली है। तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार पवित्र कर पीछे चल रहे हैं। हावड़ा जिले की अमता विधानसभा सीट से BJP उम्मीदवार अमित सामंत पहले राउंड के बाद 734 वोटों से आगे हैं।

दूसरी ओर, आसनसोल नॉर्थ सीट पर राज्य के कानून मंत्री मलय घटक पीछे चल रहे हैं। श्यामपुकुर सीट पर TMC की शशि पांजा भी रुझानों में पिछड़ती नजर आ रही हैं। राज्य के जंगलमहल क्षेत्र की चार अहम सीटें—झाड़ग्राम, बिनपुर, गोपीबल्लभपुर और नयाग्राम—पर BJP बढ़त बनाए हुए है। यह वही इलाका है जहां चुनाव प्रचार के दौरान नरेंद्र मोदी ने ‘झालमुड़ी’ खाई थी। वहीं पुरुलिया जिले की 9 में से 8 सीटों पर भी BJP को बढ़त मिलती दिख रही है।

कोलकाता उत्तर की सभी सात विधानसभा सीटों के लिए मतगणना नेताजी इंडोर स्टेडियम में जारी है, जहां EVM के साथ पोस्टल बैलेट की गिनती भी चल रही है। शुरुआती रुझान लगातार सामने आ रहे हैं और तस्वीर बदलती दिख रही है। इस बीच, रुझानों में पिछड़ने के कारण TMC कार्यकर्ताओं में मायूसी देखी जा रही है, हालांकि कई समर्थक अब भी जीत का दावा कर रहे हैं।

BJP नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि अभी सरकार बनाने को लेकर कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी और कम से कम 50 प्रतिशत मतगणना पूरी होने का इंतजार करना चाहिए। फिलहाल मतगणना जारी है और हर राउंड के साथ आंकड़े बदल रहे हैं, जिससे अंतिम नतीजों को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।




































