KANKER NEWS. कांकेर जिले के अंतागढ़ ब्लॉक में विकास कार्यों के लिए फंड जारी नहीं होने से नाराज 56 ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। एक साथ इतने सरपंचों के इस्तीफे के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक, अंतागढ़ ब्लॉक की पंचायतों में लंबे समय से विकास कार्यों के लिए राशि की मांग की जा रही थी।

सरपंचों का आरोप है कि बजट नहीं मिलने की वजह से गांवों में सड़क, नाली, पेयजल और अन्य जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। सरपंचों का कहना है कि फंड की कमी के कारण पंचायतों का कामकाज लगभग ठप पड़ गया है। ग्रामीण लगातार विकास कार्यों को लेकर सवाल पूछ रहे हैं, लेकिन राशि जारी नहीं होने से योजनाएं आगे नहीं बढ़ पा रही हैं।

इसी नाराजगी के चलते सभी 56 पंचायतों के सरपंचों ने सामूहिक रूप से अपने पद से इस्तीफा देने का फैसला लिया। सरपंचों ने प्रशासन पर क्षेत्र की लगातार उपेक्षा का आरोप लगाया है।

उनका कहना है कि कई बार मांग और शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। अब सामूहिक इस्तीफे के जरिए उन्होंने सरकार और प्रशासन का ध्यान इस मुद्दे की ओर खींचने की कोशिश की है।

इस घटनाक्रम के बाद अंतागढ़ ब्लॉक में पंचायत व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। वहीं प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



































