Raipur News: रायपुर, 11 अप्रैल 2026: राजधानी रायपुर की गुढ़ियारी पुलिस ने क्रिकेट सट्टा संचालित करने के बड़े मामले में सफल कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को इनके कब्जे से 9 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं, जबकि 8 मोबाइल फोन और सट्टा पट्टियों समेत सामान की कीमत लगभग 13 लाख रुपये बताई जा रही है।

Raipur News: क्राइम एंड साइबर पुलिस उपायुक्त स्मृतिक राजनाला ने बताया कि गुढ़ियारी थाने को सूचना मिली थी कि गोंदवारा ओवरब्रिज के नीचे कुछ लोग सट्टा का खेल चला रहे हैं। इस पर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। रेड के दौरान दो लोगों को सट्टा खेलते रंगे हाथों पकड़ा गया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी ऑनलाइन बेटिंग एप के जरिए भी सट्टा चला रहे थे। आगे की छानबीन में पुलिस ने कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

कैसे चल रहा था सट्टा का खेल?
Raipur News: उपायुक्त स्मृतिक राजनाला ने बताया कि आरोपी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से सट्टा संचालन कर रहे थे। आजाद चौक थाना क्षेत्र के रामसागरपारा में एक मकान से यह गतिविधि चल रही थी। मोबाइल फोन चेक करने पर Cribet99.red.com नाम की वेबसाइट के मास्टर आईडी के जरिए ऑनलाइन सट्टा चलाया जा रहा था। आरोपी कुछ मोबाइल नंबरों से सीधे लोगों को कॉल करके क्रिकेट मैच के हार-जीत और सेशन वाइज दांव लगवा रहे थे।

Raipur News: हिस्ट्रीशीटर भी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में मनजीत सिंह शामिल है, जिसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास समेत आधा दर्जन से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं। मनजीत सिंह और रोहित मोटवानी मुख्य रूप से लोगों से फोन पर संपर्क करके क्रिकेट मैच का दांव लगवाते थे और हार-जीत पर कुछ प्रतिशत कमीशन लेते थे।

पकड़े गए आरोपियों के नाम
- राजा साहू, निवासी प्रेम नगर, शिव मंदिर के पास, थाना गुढ़ियारी
- अभय साहू, निवासी गुलाब नगर, थाना गुढ़ियारी
- मनजीत सिंह, निवासी गोंदवारा रोड, अनुग्रह कॉम्प्लेक्स, थाना खमतराई
- रोहित मोटवानी, निवासी रामसागरपारा, हनुमान मंदिर के पीछे, थाना आजाद चौक
- हरीश सकलेचा, निवासी रामसागरपारा, थाना आजाद चौक
- आकाश सिन्हा, निवासी परशुराम नगर, प्रोफेसर कॉलोनी, थाना पुरानी बस्ती
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में सट्टा संचालन से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश जारी है।


































