RAIPUR NEWS. रायपुर में आज यानी 20 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आक्रोश रैली के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी। दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक छह से अधिक सड़कों को बंद कर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। इस दौरान करीब 25 हजार लोगों पर असर पड़ने की आशंका है। यातायात पुलिस ने इसके लिए विस्तृत रूट चार्ट जारी किया है। यदि आप इन इलाकों में रहते हैं या ऑफिस आवागमन करते हैं, तो तय समय के दौरान वैकल्पिक मार्ग अपनाएं और अतिरिक्त समय लेकर निकलें, ताकि जाम से बचा जा सके।

भाजपा की यह रैली नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम की शुरुआत इंडोर स्टेडियम रायपुर में सभा से होगी, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटेंगे। इसके बाद रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सुभाष स्टेडियम रायपुर पहुंचेगी, जहां आमसभा आयोजित होगी। आयोजन में 10 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है।

इन मार्गों से गुजरेगी रैली
रैली का रूट इस प्रकार तय किया गया है। बूढ़ापारा इंडोर स्टेडियम से रैली निकलेगी और श्याम टॉकीज, सप्रे शाला, नगर निगम मुख्यालय, महिला थाना, राजीव गांधी चौक रायपुर होते हुए सुभाष स्टेडियम पहुंचेगी। रैली में शामिल लोगों के वाहनों की पार्किंग आउटडोर स्टेडियम रायपुर में की जाएगी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी कार्यकर्ता वापस इंडोर स्टेडियम लौटेंगे।

इन प्रमुख सड़कों पर रहेगा असर
बूढ़ापारा बुद्धेश्वर चौक से श्याम टॉकीज चौक
श्याम टॉकीज चौक से सप्रे शाला
बिजली ऑफिस चौक से निगम मुख्यालय
गणेश मंदिर तिराहा से सदानी चौक, सदर बाजार
महिला थाना चौक से सुभाष स्टेडियम
कोतवाली चौक से सुभाष स्टेडियम
मोतीबाग चौक से सुभाष स्टेडियम
आकाशवाणी चौक से राजीव गांधी चौक

इन वैकल्पिक रास्तों का करें उपयोग
पुरानी बस्ती के लिए: कालीबाड़ी → पुलिस लाइन गेट → बूढ़ातालाब
कालीबाड़ी से शास्त्री चौक: पुलिस लाइन → सिविल लाइन → लोकभवन मार्ग
शास्त्री चौक से कालीबाड़ी: कलेक्टोरेट चौक → सिविल लाइन → पुलिस लाइन
मोतीबाग और बैजनाथपारा: मालवीय रोड और बांसटाल मार्ग



































