MAHASAMUND NEWS. महासमुंद जिले के ग्राम आमगांव में जमीन बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। छोटे भाई ने अपने बड़े भाई को धान से भरे कमरे में बंद कर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मरार कसहीबाहरा निवासी मालती साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि करीब 10 महीने पहले उसकी पहचान कृष्णकांत दुबे से हुई थी। दोनों रायपुर में पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे और जल्द ही शादी करने वाले थे। कृष्णकांत दुबे ने उसे बताया था कि उसकी पैतृक जमीन ग्राम आमगांव में है, जहां उसकी मां तिरथ दुबे और छोटा भाई दौलत दुबे रहते हैं। जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

बताया गया कि 21 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे मालती साहू, कृष्णकांत दुबे के साथ आमगांव पहुंची थी। वहां पहुंचने पर कृष्णकांत ने अपनी मां से छोटे भाई दौलत के बारे में पूछा। कुछ देर बाद दौलत घर पहुंचा, जिसके बाद दोनों भाइयों के बीच जमीन बंटवारे को लेकर विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान कृष्णकांत ने घर में पड़े डंडे से दौलत के पैर पर वार कर दिया। जवाब में दौलत घर के अंदर से हंसिया लेकर आया और कृष्णकांत के हाथ और कंधे पर हमला कर दिया।

कमरे में बंद कर पेट्रोल डालकर लगाई आग
हमले से बचने के लिए कृष्णकांत शोर मचाने लगा। इसी बीच दौलत ने उसे धान और महुआ से भरे कमरे में धक्का देकर अंदर बंद कर दिया। इसके बाद वह अपनी दुकान से पेट्रोल से भरा जरीकेन और माचिस लेकर आया और कमरे में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। आग बुझाने के बाद देखा गया कि कृष्णकांत गंभीर रूप से झुलस चुका था और उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने मामले में आरोपी दौलत दुबे के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और आगे की विवेचना जारी है।





































