KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रजगामार थाना क्षेत्र के ग्राम बुंदेली में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक सनकी पति ने चरित्र पर संदेह के चलते अपनी पत्नी की नृशंस हत्या कर दी। आरोपी ने न केवल अपनी पत्नी का गला धड़ से अलग किया, बल्कि हाथ में कटा हुआ सिर लेकर गांव में भी घूमा, जिसे देख ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बुंदेली निवासी सालिक राम यादव (45), जो पिछले कई वर्षों से एक पोल्ट्री फार्म में चौकीदारी का काम करता था, का अपनी पत्नी छेक बाई (42) के साथ अक्सर विवाद होता था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी उसके चरित्र पर शक करती थी, जिससे वह परेशान रहता था। बुधवार को घटना के समय दोनों ने शराब पी रखी थी, तभी इसी बात को लेकर फिर विवाद शुरू हुआ और गुस्से में आकर सालिक ने चाकू से पत्नी का गला काट दिया।


मासूम बच्चों के सामने हुई हत्या
वारदात की सबसे दर्दनाक बात यह रही कि जिस वक्त यह घटना हुई, दंपति के दो मासूम बच्चे घर पर ही मौजूद थे। बच्चों की चीख-पुकार के बीच आरोपी ने इस जघन्य कृत्य को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी पत्नी का सिर एक बोरी में रखकर बालको थाने ले जाने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी और रजगामार चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी सालिक राम यादव को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। मौके पर पहुंची पुलिस को आरोपी ने बेखौफ होकर बताया कि वह अपनी पत्नी से बहुत प्यार करता था, लेकिन शक के कारण उसने उसे मार डाला।



































