DURG NEWS. विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग द्वारा स्वास्थ्य एवं विधिक जागरूकता को लेकर एक व्यापक शिविर का आयोजन किया गया। इस अभियान में दुर्ग, पाटन, भिलाई-3 और धमधा क्षेत्र के पैरालीगल वॉलंटियर्स (PLVs) ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए आमजन तक स्वास्थ्य और अधिकारों की जानकारी पहुँचाई।

शिविर के तहत टीमों ने स्वास्थ्य केंद्रों, गांवों, शहरों, स्कूलों और कॉलेजों में पहुंचकर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। घर-घर जाकर बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, स्वच्छता और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में बताया गया।

इसके साथ ही लोगों को नि:शुल्क विधिक सहायता, अधिवक्ता की सुविधा और विभिन्न कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। पैरालीगल वॉलंटियर्स ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग के माध्यम से मुफ्त कानूनी सलाह और सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

अभियान के दौरान NDPS एक्ट, छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम, घरेलू हिंसा, महिला अधिकार और बाल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूकता फैलाई गई।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि आमजन ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वास्थ्य व कानूनी विषयों पर खुलकर संवाद किया। शिविर के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ जीवन और न्यायपूर्ण समाज ही एक सशक्त राष्ट्र की नींव हैं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग का यह प्रयास स्वास्थ्य और विधिक जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक प्रभावी और सराहनीय पहल के रूप में सामने आया है।





































