RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों के विकास को नई रफ्तार दे रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के विशेष प्रयासों से सूरजपुर जिले के सुदूर क्षेत्रों में पहली बार बड़े स्तर पर विद्युतीकरण की मंजूरी मिली है।

भटगांव विधानसभा क्षेत्र के चांदनी बिहारपुर इलाके के दर्जनों गांवों और आश्रित टोलों में बिजली पहुंचाने के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने तकनीकी स्वीकृति देते हुए कार्य आदेश जारी कर दिए हैं। आज़ादी के बाद पहली बार इन क्षेत्रों में नियमित बिजली सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

दर्जनों गांवों में पहुंचेगी रोशनी
इस योजना के तहत कोल्हुआ, महुली, करोटी और चोंगा समेत कई गांवों के अलग-अलग टोलों में बिजली विस्तार कार्य किया जाएगा। इसके अलावा कछवारी, खैरा, नवडीहा और कछिया जैसे क्षेत्रों को भी योजना में शामिल किया गया है। इन सभी इलाकों में वर्षों से बिजली की मांग थी, जो अब पूरी होने जा रही है। परियोजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सूरजपुर के कार्यपालन अभियंता को सौंपी गई है, ताकि समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित हो सके।

पहले भी मिली स्वीकृति
इससे पहले ओड़गी विकासखंड के मसंकी, बांक और असुरा गांवों के विभिन्न टोलों में भी विद्युतीकरण कार्यों को मंजूरी दी जा चुकी है। लगातार हो रहे इन प्रयासों से वनांचल क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार तेजी से हो रहा है।

जीवन स्तर में आएगा बदलाव
इस पहल से न केवल घरों में उजाला पहुंचेगा, बल्कि बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे। छोटे व्यवसायों को भी इससे गति मिलने की उम्मीद है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और वनांचल क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

Chhattisgarh News, Electricity revolution, forest region, light will reach dozens of villages, Raipur News, tirandaj.com, tirandaj.com top 10 news web site, छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विद्युतीकरण की मंजूरी मिली





































