PENDRA NEWS. गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खरड़ी में अंधविश्वास की जड़ें एक बार फिर खून से रंगी नजर आईं। ‘जादू-टोना’ के शक में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात में पड़ोसी समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम खरड़ी निवासी धीरपाल (50) के बेटे की करीब 3 से 5 महीने पहले बीमारी के दौरान मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से धीरपाल को शक था कि उसकी रिश्तेदार कौशल्या ने जादू-टोना कर उसके बेटे की जान ली है। इसी अंधविश्वास ने धीरे-धीरे उसके मन में गहरी रंजिश का रूप ले लिया।

अकेली महिला पर बोला जानलेवा हमला
सोमवार को मौका पाकर धीरपाल अपने दो साथियों के साथ कौशल्या के घर पहुंचा। उस समय महिला घर पर अकेली थी। आरोपियों ने उस पर पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते कौशल्या ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।

परिजनों ने देखी लाश, मचा हड़कंप
घटना की जानकारी तब लगी जब मृतका के परिजन घर लौटे। घर में खून से लथपथ शव देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी धीरपाल को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर हत्या करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इलाके में दहशत, अंधविश्वास पर फिर उठे सवाल
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है। एक बार फिर अंधविश्वास जैसी कुप्रथाओं ने समाज के सामने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





































