MAHASMUND NEWS. छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के पटेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पचरी में अवैध शराब कारोबार के फरार आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों और परिजनों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में सांकरा थाना प्रभारी (TI) उत्तम तिवारी और एक महिला आरक्षक सहित कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हमलावरों ने पुलिस के गश्ती वाहन (हाईवे पेट्रोलिंग) पर भी पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल 2024 को पटेवा थाना में आबकारी एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में दो सगे भाई, विजय मारकंडेय और विनोद मारकंडेय, फरार चल रहे थे। रविवार को सांकरा थाना प्रभारी उत्तम तिवारी के नेतृत्व में विभिन्न थानों की एक संयुक्त टीम इन आरोपियों को पकड़ने के लिए ग्राम पचरी पहुंची थी।

घेराबंदी के दौरान भड़की हिंसा
पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों मुख्य आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। जैसे ही पुलिस उन्हें गाड़ी में बैठाने लगी, आरोपियों ने शोर मचाकर विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते आरोपियों के परिजनों और आसपास के लोगों ने लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से पुलिस पर हमला बोल दिया। हमले में टीआई उत्तम तिवारी के सिर, गले और सीने में गंभीर चोटें आई हैं। ड्यूटी पर तैनात अन्य पुलिसकर्मी और महिला आरक्षक भी इस पथराव और मारपीट का शिकार हुए।

9 गिरफ्तार, 6 महिलाएं भी शामिल
भीड़ के हिंसक रवैये के बावजूद पुलिस टीम ने साहस का परिचय दिया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों (विजय और विनोद) को गिरफ्तार कर पटेवा थाना पहुँचाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अब तक कुल 9 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जिनमें 6 महिलाएं शामिल हैं।

दर्ज हुए गंभीर मामले
पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने और बलवा करने जैसी गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। फरार 3 अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।






































