BALRAMPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में प्रशासन और जनप्रतिनिधि के बीच टकराव खुलकर सामने आया है। समरी विधानसभा क्षेत्र की भाजपा विधायक उधेश्वरी पैंकरा ने राजपुर एसडीएम और तहसीलदार पर गंभीर नाराजगी जताते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

यह मामला सीसी रोड और नाली निर्माण के भूमिपूजन कार्यक्रम से जुड़ा है, जहां संबंधित अधिकारियों की अनुपस्थिति से विधायक नाराज हो गईं। कार्यक्रम स्थल पर ही उन्होंने कलेक्टर राजेंद्र कटारा को फोन कर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करने का अल्टीमेटम दे दिया।

विधायक ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो वे अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठेंगी। उनके इस सख्त रुख से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

समर्थकों का फूटा गुस्सा, लगाए नारे
इधर, कार्यक्रम स्थल पर मौजूद समर्थकों का गुस्सा भी सामने आया। उन्होंने राजपुर एसडीएम देवेंद्र प्रधान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अधिकारियों के रवैये पर सवाल उठाए।

समर्थकों ने सवाल किया कि क्या जिले में प्रशासनिक व्यवस्था कमजोर पड़ गई है? क्या जनप्रतिनिधियों की बातों को नजरअंदाज किया जा रहा है, या फिर सिस्टम में कोई बड़ा टकराव चल रहा है? फिलहाल जिले का माहौल गरम है और सभी की नजरें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।


































