छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक संविदा शिक्षक की बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। बतौली थाना क्षेत्र के सरमना गांव के लंकाडांड जंगल किनारे स्वामी आत्मानंद स्कूल के संविदा शिक्षक सुरेश जायसवाल को एक कॉलेज छात्रा के साथ कार में आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया।

20 अप्रैल की रात करीब 1 बजे स्थानीय युवकों को संदेह हुआ जब उन्होंने जंगल किनारे खड़ी कार देखी। युवक गाड़ी के पास पहुंचे तो पिछली सीट पर टीचर और छात्रा आपत्तिजनक हालत में थे। युवकों ने पूरा मामला वीडियो में कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक लड़की से बार-बार चेहरा दिखाने और कार से बाहर निकलने को कह रहे हैं, जबकि लड़की विरोध कर रही है। टीचर सुरेश जायसवाल मामले को दबाने के लिए युवकों को पैसे देने की पेशकश भी करते नजर आए।

BJP की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई
वायरल वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने आपत्ति जताते हुए सरगुजा जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) दिनेश झा को ज्ञापन सौंपा। 22 अप्रैल को दिए गए ज्ञापन में कार्रवाई की मांग की गई। DEO ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरेश जायसवाल को स्वामी आत्मानंद स्कूल से हटा दिया और उन्हें उदयपुर बीईओ कार्यालय में अटैच कर दिया है।

जांच टीम गठित
DEO ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम बनाई है। टीम में बतौली बीईओ शरद चंद्र मेशपाल, सीतापुर बीईओ और सेदम हाईस्कूल के प्रिंसिपल शामिल हैं। टीम जल्द ही रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।बताया जा रहा है कि अभी तक इस मामले में थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई है।


































