BILASPUR NEWS. शहर के रिहायशी अपार्टमेंट्स को निशाना बनाने वाले एक अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का बिलासपुर पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई में पुलिस की तकनीकी और मानवीय सूचनाओं पर आधारित सटीक रणनीति ने अहम भूमिका निभाई।

यह मामला 28 सितंबर 2025 का है, जब सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित साकेत अपार्टमेंट और रियल हेवन अपार्टमेंट में चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाएं सामने आई थीं। अज्ञात बदमाशों ने फ्लैट्स के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए थे। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डॉग स्क्वॉड, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने करीब 300 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर संदिग्धों की पहचान मेरठ निवासी ताज मोहम्मद और उसके साथी वसीम मोहम्मद के रूप में हुई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों के खिलाफ दिल्ली, गाजियाबाद, जयपुर, अलीगढ़, लुधियाना और मेरठ समेत कई शहरों में 47 से अधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, वसीम मोहम्मद को पहले ही दिल्ली पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी ताज मोहम्मद लगातार फरार चल रहा था और अपनी पहचान छुपा रहा था। उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने करीब 20 दिनों तक दिल्ली और मेरठ में डेरा डालकर लगातार निगरानी और सूचनाएं जुटाईं।

आखिरकार 24 अप्रैल 2026 को पुलिस ने आरोपी को मेरठ से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह चोरी के जेवरों को गलाकर छुपा देता था। उसकी निशानदेही पर 35.34 ग्राम गला हुआ सोना, जिसकी कीमत लगभग 4.99 लाख रुपये है, और सोना गलाने की चिमनी बरामद की गई।
इस सफल कार्रवाई पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए पुरस्कृत करने की घोषणा की है।




































