AMBIKAPUR NEWS. सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत पटोरा गांव में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। हैंडपंप चलाने की बात पर शुरू हुए झगड़े में एक फॉरेस्ट चौकीदार ने 20 वर्षीय युवक पर टांगी (कुल्हाड़ी) से हमला कर दिया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, पटोरा निवासी राकेश घासी रविवार शाम अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से लौट रहा था। रास्ते में प्यास लगने पर उसने चौक के पास रुककर वहां मौजूद फॉरेस्ट चौकीदार घूरसाय से हैंडपंप चलाने को कहा। इस पर चौकीदार भड़क उठा और अपशब्द कहते हुए बोला— “मैं तुम्हारे बाप का नौकर नहीं हूं।”

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर चौकीदार ने अपने पास रखी टांगी से राकेश के दाएं पैर पर जोरदार वार कर दिया। हमले से युवक बुरी तरह घायल हो गया और मौके पर ही काफी खून बहने लगा।

घायल राकेश को उसके दोस्तों ने पहले लुंड्रा और फिर धौरपुर अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक अत्यधिक खून बहना ही मौत का मुख्य कारण रहा।

इधर, मेडिकल कॉलेज अस्पताल पुलिस चौकी ने मर्ग कायम कर परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। मामले की केस डायरी लुंड्रा थाने भेजी जा रही है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और आरोपी फॉरेस्ट चौकीदार के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





































