SURAJPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला अब हत्या में बदल गया है। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि महिला की मौत के पीछे उसके अपने पति का ही हाथ था। आरोपी ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी सुनाई, लेकिन जांच के बाद सच्चाई सामने आ गई और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

क्या है पूरा मामला?
यह मामला सलका-उमेश्वरपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम तारकेश्वरपुर का है। यहां रहने वाले अलमा प्रजापति ने 3 मार्च को चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी लीलावती घर में मृत मिली है। उसने पुलिस को बताया था कि वह सुबह अपने पड़ोसी के साथ कार से खड़गवां-रतनपुर सामान लेने गया था और घर में उसकी पत्नी अकेली थी।

आरोपी के अनुसार, रात में जब वह बैकुंठपुर की ओर से घर लौटा, तो उसने अपनी पत्नी को पलंग के नीचे जमीन पर औंधे मुंह पड़ा हुआ देखा। उसने पहले इसे नशे की हालत समझकर ध्यान नहीं दिया, लेकिन अगले दिन सुबह जब उठाने की कोशिश की, तब उसकी मौत हो चुकी थी और चेहरे पर चोट के निशान दिखाई दिए।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात कारणों से मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के दौरान यह सामने आया कि आरोपी का दूसरी महिलाओं से बातचीत को लेकर अक्सर पत्नी से विवाद होता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़े होते रहते थे।

पूछताछ में कबूला जुर्म
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर संदेही पति से कड़ी पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसकी पत्नी उसके चरित्र पर संदेह कर बार-बार झगड़ा करती थी। घटना की रात भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने पत्नी पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
बाद में खुद को बचाने के लिए उसने चौकी में झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सामान बरामद कर लिया है।

आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं और वह क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।




































