RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों को अब ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए टोल टैक्स की नई दरें जारी कर दी हैं, जो 1 अप्रैल से लागू होंगी। नई दरों के तहत प्रदेश के अलग-अलग टोल प्लाजा पर 5 रुपये से लेकर 20 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है, जिससे आम यात्रियों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।

एनुअल पास भी हुआ महंगा
कार और जीप जैसे निजी वाहनों के लिए बनने वाला सालाना पास अब पहले से महंगा हो गया है। अभी तक 3000 रुपये में मिलने वाला यह पास 1 अप्रैल से 3075 रुपये में मिलेगा। इस पास के तहत वाहन चालक सालभर में अधिकतम 200 बार टोल पार कर सकते हैं।

इन रूट्स पर सबसे ज्यादा असर
टोल दरों में वृद्धि का सबसे ज्यादा असर बिलासपुर से रायपुर, कोरबा, अंबिकापुर और रायगढ़ के बीच यात्रा करने वाले लोगों पर पड़ेगा। बिलासपुर जिले के भोजपुरी, मुढ़ीपार, पाराघाट और बगदेवा टोल प्लाजा से रोजाना लगभग एक लाख से अधिक वाहन गुजरते हैं, जिन पर अब अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ेगा।

स्थानीय लोगों को राहत जारी
हालांकि, स्थानीय वाहन चालकों के लिए राहत बरकरार रखी गई है। 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले पासधारकों के लिए पुरानी छूट व्यवस्था पहले की तरह लागू रहेगी, जिससे उन्हें बढ़ी हुई दरों का असर कम महसूस होगा।

हर साल क्यों बढ़ता है टोल?
अधिकारियों के अनुसार, टोल टैक्स की दरें हर साल ‘होलसेल प्राइस इंडेक्स’ (WPI) के आधार पर संशोधित की जाती हैं। इस बार करीब 2.5% की बढ़ोतरी की गई है। सड़क रखरखाव, फ्लाईओवर और अंडरपास जैसी सुविधाओं के विकास को ध्यान में रखते हुए यह वृद्धि की जाती है।





































