MARWAHI NEWS. जिले के मरवाही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कटरा के धनुहारीटोला में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक कलयुगी बेटे ने मात्र पैसों और जमीन के लालच में अपनी 65 वर्षीय बुजुर्ग मां की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। यह पूरी वारदात होली के जश्न के दौरान हुई, जिससे पूरे इलाके में मातम और सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका फूलमतिया बाई धनुहार के बैंक खाते में हाल ही में प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त आई थी। आरोपी बेटा, दलबीर सिंह, यह राशि अपने व्यक्तिगत शौक पूरा करने के लिए मांग रहा था। साथ ही, वह पैतृक जमीन में भी अधिक हिस्सेदारी के लिए अपनी मां पर लगातार दबाव बना रहा था। मां ने यह कहते हुए पैसे देने से मना कर दिया था कि जमीन सभी वारिसों में बराबर बांटी जाएगी।


होली की शाम वारदात को दिया अंजाम
होली की शाम आरोपी दलबीर सिंह शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा और फिर से पैसों को लेकर विवाद करने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने गुस्से में आकर अपनी मां का गला घोंट दिया। बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी अपनी मां से लंबे समय से रंजिश रखे हुए था। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस की कार्रवाई
मरवाही थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी दलबीर सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।





































