SURAJPUR NEWS. शिक्षा विभाग में अनुशासनहीनता और लापरवाही को लेकर सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक (JD) ने बड़ी कार्रवाई की है। सूरजपुर जिले के भैयाथान ब्लॉक अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सावारांवा में होली के दूसरे दिन स्कूल बंद पाए जाने पर हेडमास्टर संजय कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही संकुल समन्वयक और 4 अन्य शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह बच्चे नियत समय पर स्कूल पहुंच गए थे, लेकिन दोपहर 12 बजे तक न तो स्कूल का ताला खुला और न ही कोई शिक्षक वहां पहुंचा। इस बीच, पढ़ाई के प्रति जागरूक कुछ बच्चे स्कूल के बाहर जमीन पर बैठकर ही पढ़ते नजर आए। बच्चों के बाहर बैठकर पढ़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग हरकत में आया।

DEO की जांच में पुष्टि
मामले की सूचना मिलते ही सूरजपुर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) अजय मिश्रा ने एक जांच टीम मौके पर भेजी। टीम के पहुंचने पर भी स्कूल में ताला लटका मिला। दोपहर करीब 12 बजे एक शिक्षिका प्रीति टोप्पो स्कूल पहुंचीं, जिसके बाद स्कूल खुल सका। डीईओ की रिपोर्ट के आधार पर संयुक्त संचालक संजय गुप्ता ने यह कड़ा कदम उठाया।

शिक्षक पर शराब पीकर आने का आरोप
निलंबन की कार्रवाई के साथ-साथ एक अन्य गंभीर शिकायत भी सामने आई है। स्कूल के बच्चों ने अधिकारियों को बताया कि पदस्थ शिक्षक रमेश चेसकर अक्सर शराब पीकर स्कूल आते हैं। बच्चों ने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षक के साथ गांव के कुछ अन्य लोग भी शराब पीकर स्कूल परिसर में घुस आते हैं। डीईओ ने स्पष्ट किया है कि इस मामले की भी पृथक से जांच कराई जा रही है।

इन्हें मिला नोटिस
संयुक्त संचालक ने संकुल समन्वयक बैजनाथपुर रामजतन कुशवाहा सहित शिक्षक ईशा खलखो, प्रीति टोप्पो, अजीत कुमार चंद्रा और रमेश चेसकर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर इन पर भी विभागीय कार्रवाई की गाज गिर सकती है। निलंबित हेडमास्टर का मुख्यालय ओड़गी बीईओ कार्यालय नियत किया गया है।





































