MUNGELI NEWS. जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कमी की चल रही अफवाहों के बीच कलेक्टर कुन्दन कुमार ने सोमवार को कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि जिले में ईंधन और गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और सुचारु है तथा किसी भी प्रकार की कमी नहीं है।

कलेक्टर ने जानकारी दी कि जिले के 42 पेट्रोल पंपों में वर्तमान में लगभग 4 लाख 33 हजार 800 लीटर पेट्रोल और 4 लाख 15 हजार 700 लीटर डीजल उपलब्ध है। वहीं, गैस एजेंसियों में 2 हजार 294 घरेलू एलपीजी सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा आवश्यकतानुसार नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, जिससे आम नागरिकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर अनावश्यक भंडारण (स्टॉकिंग) से बचें।

कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिला प्रशासन आपूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहा है। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है और भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि केवल आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल, डीजल और गैस का उपयोग करें तथा किसी भी अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें। किसी भी समस्या की स्थिति में नागरिक टोल-फ्री नंबर 18002333663 या कॉल सेंटर के नंबर 9406275513, 9406275514, 9406275534, 9406275535, 0775529903 पर संपर्क कर सकते हैं।

प्रेस वार्ता में अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव सहित विभिन्न मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




































