RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति को देखते हुए राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी संभागायुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों, कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई।

राज्यभर में चलाए गए विशेष अभियान के तहत 335 स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसमें जमाखोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए 3,841 गैस सिलेंडर जब्त किए गए और 97 एफआईआर दर्ज की गईं। हालांकि अब तक कालाबाजारी की पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए वितरण व्यवस्था की निगरानी बढ़ा दी गई है।

मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी या जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों के भंडारण एवं आपूर्ति की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए हर परिस्थिति में आम जनता तक आवश्यक सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सरकार ने अस्पतालों, छात्रावासों, शैक्षणिक संस्थानों, रेलवे, एयरपोर्ट और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों में गैस आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं। पेट्रोल-डीजल की सप्लाई पर लगातार नजर रखने और सीमावर्ती चेकपोस्ट पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को रोका जा सके।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि पेट्रोल-डीजल को कंटेनरों में आम जनता को उपलब्ध न कराया जाए। केवल अधिकृत मोबाइल टावर और जेनसेट संचालित आवश्यक प्रतिष्ठानों को ही कंटेनर में ईंधन उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्य सचिव विकास शील ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों की सतत निगरानी के लिए राज्य स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। उपभोक्ता घरेलू गैस आपूर्ति से संबंधित समस्याओं या कालाबाजारी की सूचना टोल-फ्री नंबर 1800-233-3663 पर दे सकते हैं।




































