BILASPUR NEWS. सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। साईं मंदिर के पीछे स्थित एक मकान में रखे फ्रिज में अचानक धमाका होने से भीषण आग लग गई। हादसे के समय घर में अकेली मौजूद 57 वर्षीय बुजुर्ग महिला जया अग्रवाल आग की चपेट में आ गईं और जिंदा जलने से उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

रविवार देर रात अचानक तेज धमाके की आवाज से आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने देखा कि जया अग्रवाल के घर से आग की तेज लपटें उठ रही थीं। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। चूंकि महिला घर में अकेली थीं, इसलिए उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया।

कुछ दिन पहले ही भाई का हुआ था निधन
बताया जा रहा है कि जया अग्रवाल अपने मुंहबोले वकील भाई के साथ रहती थीं। उनके भाई का कुछ दिन पहले बेंगलुरु में इलाज के दौरान निधन हो गया था। परिवार के अन्य सदस्य अंतिम संस्कार और क्रियाकर्म में व्यस्त थे। इसी बीच यह दुखद हादसा हो गया।

स्थानीय लोगों ने किया आग बुझाने का प्रयास
घटना की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद दिलीप पाटिल और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। बाद में सूचना मिलने पर सरकंडा पुलिस और दमकल की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

जांच में जुटी पुलिस
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि आग बुझने के बाद घर की तलाशी में बुजुर्ग महिला का शव बरामद हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स मर्चुरी भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।





































