GAURELA PENDRA NEWS. छत्तीसगढ़ के पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत पनकोटा गांव से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। वैलेंटाइन वीक के दौरान लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक और युवती ने अलग-अलग स्थानों पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में शादी में हो रही देरी और सामाजिक बदनामी का भय इस दुखद कदम की मुख्य वजह मानी जा रही है।
मृतकों की पहचान अनीता सिंह (20 वर्ष) और कृष्णा सिंह (18 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों पिछले तीन महीनों से गांव में अलग मकान लेकर लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। जानकारी के अनुसार, 11 फरवरी की रात अनीता ने अपने कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।

जब कृष्णा घर पहुंचा और अनीता को फंदे पर लटका देखा तो उसने उसे नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। प्रेमिका की मौत से गहरे सदमे में आए युवक ने कुछ देर बाद घर के पास स्थित नीलगिरी के पेड़ पर चढ़कर फांसी लगा ली।

उम्र कम होने के कारण नहीं हो पाई शादी
परिजनों के मुताबिक, दोनों की मुलाकात करीब दो वर्ष पहले एक रिश्तेदार की शादी में हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया। परिजन इस रिश्ते से सहमत थे, लेकिन युवक की उम्र 21 वर्ष से कम होने के कारण कानूनी रूप से विवाह संभव नहीं था। सामूहिक विवाह के लिए दिया गया आवेदन भी इसी कारण निरस्त कर दिया गया था।

परिजनों ने बताई मानसिक पीड़ा की वजह
मृतक युवती के पिता मान सिंह ने बताया कि उन्होंने दोनों को कुछ समय इंतजार करने की समझाइश दी थी। युवक इसके लिए तैयार था, लेकिन युवती सामाजिक बदनामी को लेकर काफी परेशान रहती थी।
वहीं, युवती की नानी मानवती बाई ने बताया कि अनीता की मौत के बाद कृष्णा पूरी तरह टूट गया था और लगातार रो रहा था। उसने किसी को संभलने का मौका नहीं दिया।

पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर ली है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।




































