BILASPUR NEWS. मुनाफे के लालच में निवेश करने वालों के लिए एक चेतावनी भरा मामला सामने आया है। यहाँ होटल में वर्षों से काम कर रहे एक कर्मचारी ने ही भरोसे का फायदा उठाते हुए अपनी मालकिन से 2 लाख रुपए की ठगी कर ली। आरोपी ने शेयर बाजार में रकम दोगुनी करने का दावा किया और फिर चुपचाप फरार हो गया।

तारबाहर थाना क्षेत्र में होटल संचालित करने वाली अंजना फ्रांसिस ने पुलिस को बताया कि होटल में कार्यरत कर्मचारी गोविंद कुमार लंबे समय से वहीं रहकर काम कर रहा था। रोज़मर्रा के संपर्क और विश्वास के चलते दोनों के बीच औपचारिक संबंध खत्म हो चुके थे। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने खुद को शेयर बाजार का जानकार बताया और कम समय में रकम दोगुनी होने का झांसा दिया।

किश्तों में पैसा, योजना के मुताबिक फरारी
आरोपी ने अगस्त माह में चार अलग-अलग किश्तों में कुल 2 लाख रुपए लिए। निवेश की बात पक्की होते ही, 10 सितंबर की रात वह अचानक होटल से गायब हो गया। सुबह जब उसकी तलाश की गई तो उसका कमरा खाली और मोबाइल फोन बंद मिला। पीड़िता द्वारा संपर्क करने पर आरोपी की पत्नी ने शुरू में नुकसान की बात कहकर रकम लौटाने का भरोसा दिलाया, लेकिन कुछ समय बाद उसने भी संपर्क तोड़ लिया। इसके बाद होटल संचालिका को ठगी का पूरा अहसास हुआ।

बिना दस्तावेज निवेश न करें
मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह केस “विश्वास आधारित निवेश ठगी” का उदाहरण है, जहाँ न तो कोई लिखित समझौता था और न ही अधिकृत निवेश माध्यम। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बिना प्रमाणित प्लेटफॉर्म, दस्तावेज और रसीद के किसी को भी निवेश के लिए राशि न दें, चाहे वह कितना ही करीबी क्यों न हो।





































