BILASPUR NEWS. रामनवमी के पावन अवसर पर आस्था, श्रद्धा और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम एक बार फिर देखने को मिलेगा। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या के दर्शन के लिए बिलासपुर से 1008 रामभक्तों का भव्य जत्था 25 मार्च को रवाना होगा। इस निशुल्क यात्रा का संयोजन रामभक्त एवं समाजसेवी प्रवीण झा द्वारा किया जा रहा है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

ईदगाह चौक स्थित प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रवीण झा ने बताया कि यह यात्रा लगातार तीसरे वर्ष आयोजित की जा रही है। अब तक 2016 श्रद्धालु प्रभु श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। इस वर्ष भी रामनवमी को विशेष बनाने के लिए 1008 भक्तों का चयन किया जाएगा। यात्रा पूर्णतः निशुल्क होगी, लेकिन पंजीयन अनिवार्य रहेगा।

1 मार्च से शुरू होगा पंजीयन
यात्रा के लिए पंजीयन प्रक्रिया 1 मार्च से पुलिस मैदान में शुरू होगी। प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 10:30 बजे तक श्रद्धालु पंजीयन करा सकेंगे। सीमित सीटों को देखते हुए “पहले आओ–पहले पाओ” के आधार पर नाम दर्ज किए जाएंगे। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचने की अपील की है।
पंजीयन के लिए ये शर्तें अनिवार्य
यात्रा में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं की आयु 18 से 65 वर्ष के बीच होना आवश्यक है और उनका स्वस्थ होना अनिवार्य शर्त है। एक परिवार से अधिकतम दो लोगों को ही अनुमति दी जाएगी। पंजीयन के समय दो पासपोर्ट साइज फोटो और आधार कार्ड की छायाप्रति जमा करनी होगी। बिना पंजीयन किसी को भी यात्रा में शामिल नहीं किया जाएगा।

25 मार्च को सुबह 11 बजे रवाना होगा जत्था
रामभक्तों का यह जत्था 25 मार्च को सुबह 11 बजे पुलिस ग्राउंड से अयोध्या धाम के लिए प्रस्थान करेगा। इस बार 25 बसों और 10 कारों के माध्यम से यात्रा कराई जाएगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के भोजन, सुरक्षा और अनुशासन की विशेष व्यवस्था रहेगी।

आस्था का सेतु बनी अयोध्या यात्रा
आयोजकों का कहना है कि यह यात्रा केवल दर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बिलासपुर की सांस्कृतिक और धार्मिक आस्था को अयोध्या से जोड़ने वाला आध्यात्मिक सेतु बन चुकी है। वर्षों से रामनवमी, रामायण मंडलियों और भक्ति आयोजनों की परंपरा को यह यात्रा नई ऊर्जा दे रही है।
प्रेस वार्ता में प्रवीण झा के साथ यात्रा सहयोगी प्रफुल शर्मा, राम प्रताप सिंह, रौशन सिंह, रिंकू मित्रा और राजीव अग्रवाल भी उपस्थित रहे।


































