BILASPUR NEWS. पूर्णिमा स्नान और दर्शन के लिए अमरकंटक जा रहे रायपुर के श्रद्धालुओं की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह पिचक कर पेड़ से चिपक गई। इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। एक मृतक का शव कार में इतनी बुरी तरह फंसा था कि उसे निकालने में पुलिस और लोगों को दो घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना कोटा थाना क्षेत्र के बेलगहना चौकी के अंतर्गत ग्राम भसको के पास शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे हुई। रायपुर के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले 5 दोस्त कार में सवार होकर अमरकंटक जा रहे थे। कार काफी तेज रफ्तार में थी, जिस कारण वह बेकाबू होकर सड़क से नीचे उतरी और सीधे पेड़ से जा भिड़ी।

मृतकों और घायलों की पहचान
हादसे में रामकुमार धीवर (45) निवासी कचना (रायपुर) और राजकुमार साहू की मौत हो गई। वहीं, कार चला रहे निलेश्वर धीवर (38) निवासी दलदल सिवनी, सुखसागर मानिकपुरी (39) निवासी खरोरा और अमित चंद्रवंशी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मलबे में तब्दील हुई कार, 2 घंटे रेस्क्यू चला
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद कार के परखच्चे उड़ गए थे। आगे की सीट पर बैठे राजकुमार और एक अन्य युवक का शरीर गाड़ी के लोहे में बुरी तरह फंस गया था। पुलिस और राहगीरों ने मिलकर घायलों को किसी तरह बाहर निकाला, लेकिन अंदर फंसे राजकुमार के शव को निकालने में 2 घंटे लग गए। कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला जा सका।

सिम्स में जिंदगी की जंग लड़ रहे घायल
हादसे के बाद पुलिस ने तत्काल 108 और डायल 112 की मदद से घायलों को रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। वहां उनकी हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बिलासपुर के सिम्स (CIMS) अस्पताल रेफर कर दिया गया।

परिजनों में कोहराम
पुलिस ने घटना की सूचना रायपुर में परिजनों को दी। खबर मिलते ही रोते-बिलखते परिजन दोपहर में रतनपुर पहुंचे। पुलिस ने उनकी मौजूदगी में दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया, जिसके बाद परिजन शवों को लेकर रायपुर रवाना हो गए। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।




































