SURAJPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में रोज सड़क हादसे हो रहे हैं। पुलिस के अलर्ट के बाद भी स्पीड और नशे में गाड़ी चलाने से लोग नहीं सुधर रहे हैं। एक ऐसा ही हादसा सूरजपुर जिले के ओड़गी थाना क्षेत्र के बांक में 30 नवंबर की रात को हुई। दर्शनार्थियों से भरी बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के अनुसार 8 श्रद्धालु मध्यप्रदेश के कुंभिया गांव से कुदरगढ़ धाम दर्शन करने आए थे। दर्शन कर लौटते समय बांक क्षेत्र में यह दुर्घटना हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बोलेरो के सामने का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो सवार युवक सतीश ठाकुर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उसके सिर और सीने में गंभीर चोटें आई थीं।

हादसे के बाद मृतक का शव बोलेरो में फंस गया, जिसे मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। हादसे में 7 अन्य सवार घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को ओड़गी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। ओड़गी में प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों को सूरजपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस की शुरुआती जांच में बताया गया है कि हादसे के दौरान बोलेरो (क्रमांक UP 61 AA 6191) की रफ्तार तेज थी और ड्राइवर गाड़ी की गति पर नियंत्रण नहीं कर सका। जहां हादसा हुआ है, वह खतरनाक मोड़ के कारण दुर्घटना जन्य क्षेत्र माना जाता है।





































