BHIALI NEWS. कान्यकुब्ज सामाजिक चेतना मंच के तत्वावधान में विगत 30 वर्षों से निरंतर आयोजित किए जा रहे कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज के पारिवारिक परिचय सम्मेलन की कड़ी में इस वर्ष भी सम्मेलन का आयोजन 21 दिसंबर 2025, रविवार को किया जाएगा। यह कार्यक्रम मानव आश्रम, सेक्टर-1, भिलाई में सुबह 10:30 बजे से प्रारंभ होगा।

सम्मेलन में एफएसएनएल के मैनेजिंग डायरेक्टर सुनील दीक्षित मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि सेल रिफ्रेक्ट्री यूनिट भिलाई के मुख्य महाप्रबंधक विशाल शुक्ल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इस आयोजन में भिलाई-दुर्ग सहित संपूर्ण छत्तीसगढ़ के अलावा अन्य राज्यों से भी कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज के गणमान्य नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज के परिवारों के बीच आपसी परिचय, सहयोग और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है।

कार्यक्रम के दौरान विवाह योग्य युवक-युवतियों को मंच के माध्यम से समाज के समक्ष अपना परिचय देने का अवसर दिया जाएगा, जिससे उनके लिए उपयुक्त जीवनसाथी के चयन की दिशा में सकारात्मक प्रयास हो सके।
इसके साथ ही समाज के 75 वर्ष पूर्ण कर चुके वरिष्ठजनों, जिन्होंने समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, उन्हें “कौस्तुभ सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा।

सम्मेलन में समाज द्वारा विकसित डिजिटल एप की जानकारी भी दी जाएगी, जिसके माध्यम से देश-विदेश में निवासरत कान्यकुब्ज ब्राह्मणों को एक मंच पर जोड़ा गया है। इसी अवसर पर विवाह योग्य युवक-युवतियों की जानकारियों से संकलित “चेतना पत्रिका” के 30वें अंक का विमोचन भी किया जाएगा।

कान्यकुब्ज सामाजिक चेतना मंच के अध्यक्ष एवं महासचिव ने समाज के सभी सदस्यों से इस सम्मेलन में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।




































