INDORE NEWS. शहर में लगातार बढ़ते शोर-शराबे और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर लगाम कसने के लिए इंदौर यातायात पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। पिछले चार महीनों में पुलिस ने करीब 1500 मॉडिफाइड साइलेंसर और लगभग 60 हूटर-सायरन जब्त कर नष्ट कर दिए।

रोड रोलर से कुचले मॉडिफाइड साइलेंसर
विजय नगर स्थित सर्विस रोड पर इन सभी उपकरणों को लाइन में लगाकर रोड रोलर से कुचलकर खत्म कर दिया गया।यातायात पुलिस के डीसीपी आनंद कलंदगी ने बताया कि शहर में कई वाहन चालक तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगवा रहे हैं। इससे न सिर्फ ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है, बल्कि ट्रैफिक अनुशासन भी बिगड़ता है।

दुकानों पर भी मारे गए छापे
पुलिस की टीम ने न केवल सड़क पर वाहन चालकों से कार्रवाई की, बल्कि उन दुकानों पर भी छापा मारा जहां ऐसे उपकरण बेचे और लगाए जाते हैं। कई दुकानों से भी सैकड़ों साइलेंसर व हूटर बरामद किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने यह भी कहा कि यह अभियान अब और तेज किया जाएगा।

दूसरे शहरों से लगवाते हैं मॉडिफाइड साइलेंसर
कई वाहन चालक अपने वाहनों में दूसरे शहरों और राज्यों से ऐसे मॉडिफाइड साइलेंसर और सायरन लगाकर आ रहे हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि शहर में ध्वनि प्रदूषण रोकने और ट्रैफिक अनुशासन बनाए रखने के लिए कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

नियमों का पालन करें, वर्ना होगा चालान
नागरिकों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें, अपने वाहनों में ऐसे उपकरण न लगवाएं। निर्देश का पालन नहीं करने पर सख्त चालानी कार्रवाई की जाएगी और उपकरण जब्त किए जाएंगे। डीसीपी आनंद कलंदगी ने कहा कि यातायात पुलिस सभी नागरिकों को जागरूक करने यही अभियान चला रही है, ताकि शहर की शांति और अनुशासन बना रहे।




































