INDORE NEWS. इंदौर पुलिस ने अपराध पर नकेल कसने के लिए अपनी मॉनिटरिंग सिस्टम को और हाईटेक बना दिया है। अब जमीन पर गश्त के साथ-साथ आसमान से ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जा रही है। इस नए तरीके ने अपराध जगत में हलचल मचा दी है।

अब हर जगह होगी पुलिस की पहुंच
डीसीपी जोन-4 आनंद कलादगी के निर्देश पर पुलिस ने संवेदनशील इलाकों पर ड्रोन सर्विलांस का नया प्रयोग शुरू किया है। यह अभियान उन जगहों पर फोकस है, जहां पुलिस की पहुंच मुश्किल होती है और अपराधी अक्सर नशे या अवैध गतिविधियों में शामिल रहते हैं। मगर, अब कोई भी जगह पुलिस की पहुंच से बाहर नहीं रहेगी।

ड्रोन से देख रहे हैं संदिग्ध कार्रवाई
इस पहल की शुरुआत चंदन नगर थाना क्षेत्र से की गई, जहां थाना प्रभारी इंद्रमणी पटेल के नेतृत्व में ड्रोन मॉनिटरिंग अभियान चलाया गया। सिरपुर तालाब दरगाह के सामने बने ग्रीन पार्क मैदान और आसपास के क्षेत्रों की लाइव निगरानी की गई। ड्रोन कैमरे में कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर पुलिस ने तुरंत लोकेशन ट्रैक कर कार्रवाई की और मौके से तीन लोगों को पकड़ा।

खुले आम गांजा पी रहा था आरोपी
पकड़े गए आरोपियों में आदर्श कॉलोनी इंद्रनगर था का रहने वाला 31 साल का शुभम सालवी है। वह खुलेआम चिलम में गांजा पी रहा था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी इंद्रमणी पटेल ने बताया कि ड्रोन निगरानी अभियान आगे भी नियमित रूप से चलेगा।

अपराधियों के छिपने के लिए जगह नहीं
ऐसे सभी इलाकों पर नजर रखी जा रही है, जहां पहले अपराधी छिपकर वारदात करते थे। उन्होंने कहा, “पुलिस अब जमीन से लेकर आसमान तक हर दिशा में चौकस है। ड्रोन निगरानी से किसी अपराधी के लिए अब छिपने की जगह नहीं बचेगी।” डीसीपी आनंद कलादगी ने बताया कि यह नई पहल अपराध नियंत्रण और नशे की गतिविधियों पर रोक लगाने की दिशा में प्रभावी साबित हो रही है। शहर को सुरक्षित बनाने की दिशा में पुलिस का यह अभियान लगातार और व्यापक रूप में जारी रहेगा।





































