GWALIOR NEWS. मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के कंपू क्षेत्र स्थित अवाड़पुरा में 28 वर्षीय महिला पर उसके जेठ ने एसिड फेंककर हमला किया है। महिला के पति का आठ महीने पहले बीमारी के कारण निधन हो चुका था।

छेड़छाड़ करता था जेठ
पति की मौत के बाद आरोपी जेठ लगातार महिला पर शादी का दबाव बना रहा था, जिसे ठुकराने पर उसने यह क्रूरता दिखाई।पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी नशे की हालत में कई बार उसके कमरे में जबरन घुसकर छेड़छाड़ करता था।
पत्नी छोड़ चुकी है घर
उसकी पत्नी शराब के आदी होने के कारण पहले ही घर छोड़ चुकी है। आरोपी ने गुरुवार दोपहर को भी शादी का प्रस्ताव रखा, लेकिन जब महिला ने मना किया तो वह गुस्से में आ गया। फिर शाम को बाजार से एसिड खरीदकर लेकर आया।

एसिड से झुलसी महिला
रात करीब आठ बजे महिला अपने कमरे में सब्जी काट रही थी कि आरोपी ने अचानक उस पर एसिड डाल दिया। तेजाब महिला के चेहरे, गले, सीने, हाथ और पेट पर गिरा, जिससे उसकी आंख की कॉर्निया तक जल गई।
उसके चेहरे और गले पर गंभीर झुलसी के निशान हैं और बोलने में तकलीफ हो रही है। पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी ने यह हमला पहले से योजनाबद्ध तरीके से किया था।

बच्चों को भी दी धमकी
चीख-पुकार सुनकर बच्चे रोने लगे, तो आरोपी ने उन्हें भी धमकी दी कि यदि वे चुप न हुए तो उन्हें भी जलाएगा। महिला को गंभीर हालत में जयारोग्य अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने किया गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी गुढ़ा-गुढ़ी के नाका इलाके से एसिड खरीदते हुए दिखा है।एएसपी अनु बेनीवाल ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
पुलिस ने महिला की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मामले ने सामाजिक सुरक्षा और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




































