INDORE NEWS. इंदौर में स्कीम-78 सड़क पर एक सड़क हादसा हुआ है। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मेडिकल कॉलेज के तीन युवकों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दो छात्रों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में भर्ती है एक छात्र
घायल छात्र को जुपिटर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। मृतकों की पहचान आयुष राठौर और कृष्णपाल के रूप में हुई है। तीसरे घायल छात्र का नाम श्रेयांश राठौर बताया गया है। मृतक दोनों छात्र खंडवा जिले के रहने वाले थे और इंदौर में किराये के कमरे में रह रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों छात्र रात 2 बजे किस काम के लिए बाहर निकले थे, इस बात की पुलिस जांच कर रही है। लसूड़िया पुलिस ने घटना स्थल पर रात में ही पहुंचकर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है और मर्ग दर्ज कर जांच में जुटी है।

बहुत तेज थी रफ्तार
हादसा अचानक हुआ और आसपास के लोग भी इसे देखकर सहम गए क्योंकि वाहन की रफ्तार बहुत तेज थी। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि कार नक्षत्र चौराहा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही थी।
पेट्रोल पंप के सामने बने डिवाइडर के कट से बाइक सवार तीनों युवक बाहर निकले और स्कॉर्पियो ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे के बाद कार एलसीएच अस्पताल के सामने रुकी। बताया जा रहा है कि कार नई थी और उस पर माला भी लगा था।

दुर्घटना कैसे और क्यों हुई
इसके पीछे वाहन चालक की लापरवाही और तेज गति को मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और कार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

यह हादसा चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र से जुड़े युवाओं के लिए बड़ा सदमा है। परिवार में शोक का वातावरण है और शहर में सुरक्षा के मुद्दे फिर से उठ खड़े हुए हैं। स्थानीय प्रशासन ने भी इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सड़क सुरक्षा एवं ट्रैफिक नियमों के कड़ाई से पालन करने का आह्वान किया है।




































