CHHATARPUR NEWS. बागेश्वर धाम के महंत पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इन दिनों फेक वीडियो के चलते सुर्खियों में हैं। इंटरनेट मीडिया पर उनके कई डीप फेक वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। कहीं उन्हें हवा में उड़ता हुआ बताया जा रहा है, तो कहीं वीडियो में दिखाया गया कि अमेरिकी पुलिस मंच से उतार रही है। इन वीडियो पर पंडित शास्त्री ने खुद सफाई दी है।

दावा- 22 लोगों की टीम बना रही फेक वीडियो
दरबार में भक्तों के बीच शास्त्रीजी ने साफ कहा, ये वीडियो एआई से बनाए जा रहे हैं। उनका मकसद मुझे और बागेश्वर धाम को बदनाम करना है। शास्त्रीजी के अनुसार, दिल्ली में एक बड़े अधिकारी ने उन्हें जानकारी दी है कि विदेशी ताकतों द्वारा करीब 22 लोगों की आईटी टीम लगाई गई है, जो लगातार मेरे नाम से फेक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर फैला रही है।

हमने खोली है झूठ और अंधविश्वास की पोल
इन सबको स्पांसर किया जा रहा है ताकि उनका और भारतीय संस्कृति का नाम खराब किया जा सके। धीरेंद्र शास्त्री का कहना है कि वह अपने मंच से हमेशा झूठ और अंधविश्वास की पोल खोलते आए हैं। इसी वजह से कुछ तांत्रिकों की दुकानें बंद हो गई हैं। लिहाजा, अब वे विरोध में इस तरह के हथकंडे अपना रहे हैं।

उन्होंने दावा किया है कि बालाजी सरकार की कृपा से कोई भी उनका या बागेश्वर धाम का कुछ नहीं बिगाड़ सकता। ऐसे मामलों से डरने की बजाय वे और मजबूत होकर समाज में सेवा करते रहेंगे। पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि 7 नवंबर से हिंदू राष्ट्र की कामना के साथ वे दिल्ली से वृंदावन तक पदयात्रा निकालेंगे।

फेक वीडियो से सावधान रहें, सच्चाई जानें
उन्होंने समर्थकों से अपील की है कि फेक वीडियो से सावधान रहें और सच्चाई जानें। फेक वीडियो और इंटरनेट मीडिया पर फैलाए जाने वाली झूठी बातों पर नजर रखने के लिए बागेश्वर धाम की टीम भी तैनात कर दी गई है। मीडिया प्रभारी कमल अवस्थी ने कहा कि जो भी इस तरह की हरकत करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। धाम की टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर रहकर तमाम एक्टिविटी पर नजर रखेगी और शिकायत मिलने पर तुरंत कदम उठाएगी।




































