PATHALGAON NEWS. पत्थलगांव के बागबहार थाना क्षेत्र अंतर्गत कुकरगांव में रविवार को करीब 4 बजे एक तेज रफ्तार अंडों से लदी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद जो दृश्य सामने आया, उसने इंसानियत और समाज की नैतिकता को कटघरे में खड़ा कर दिया। जहां हादसे में मदद की उम्मीद की जाती है, वहां ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे, लेकिन मदद के लिए नहीं, बल्कि अंडा लूटने के लिए।
जी हां आपको बता दें कि अंडो से भरा पिकअप पलटने के बाद अंडो को लूटने की होड़ सी मच गई। लोग बर्तन, बाल्टी, थैले, बोरी लेकर अंडा लूटने के लिए टूट पड़े। जमीन पर बिखरे, फूटे, कीचड़ में सने अंडों तक को उठाया गया। कुछ ग्रामीणों को फूटे अंडे अपनी बाल्टियों में निचोड़ते हुए भी कैमरे में कैद किया गया है।
बता दें कि पिकअप वाहन जो खरसिया से अंडा लोडकर कुकरगांव के रास्ते कांसाबेल जा रही थी। पिकअप वाहन जैसे ही कुकरगांव पंचायत भवन के पास पहुंचीं, वहां तीखी मोड़ के कारण चालक संतुलन खो बैठा और पिकअप को एक पेड़ में टक्कर मार दी और पलट गया। पिकअप के हादसे के बाद चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया।
वही अंडा लूटकर ग्रामीण तो ऐसे भाग रहे थे जैसे कोई बड़ा खजाना मिल गया हो। अंडा लूट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। लोगों के चेहरों पर कोई शर्म नहीं, सिर्फ लालच देखने को मिली। यह घटना सोचने पर मजबूर करती है कि क्या अब हादसा मदद का नहीं, मौका लूट का बन गया है।




































