RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के कई विभागों में कार्यरत अनियमित कर्मचारी पिछले कई दिनों से नया रायपुर धरना स्थल पर प्रदर्शन कर रहे हैं। आज अपनी मांगों को लेकर इन अनियमित कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री निवास घेराव का भी ऐलान किया था। जिसे पुलिस ने धरना स्थल से कुछ दूरी पर ही रोक लिया।
प्रदर्शन में शामिल अनियमित कर्मचारियों ने बताया कि सरकार ने नियमितीकरण का वादा किया था, लेकिन आज तक पूरा नहीं हुआ। कई विभागों में नियमित पद खाली हो रहे हैं। जिस पर हमें भरा नहीं गया।
इसी तरह कई विभागों में अनियमित कर्मचारियों के वेतन विसंगति भी है। अनियमित कर्मचारी संघ प्रांताध्यक्ष गोपाल प्रसाद साहू ने कहा कि खाली पदों को भरने के लिए राज्य सरकार को जल्द निर्णय लेना चाहिए।
बर्खास्त शिक्षिका को बिच्छू ने काटा
इधर छत्तीसगढ़ में समायोजन की मांग को लेकर बर्खास्त बीएड शिक्षक लंबे समय से तूता धरना स्थल पर प्रदर्शन कर रहे हैं। बर्खास्त बीएड शिक्षक तूता के भवन में रुके हुए हैं, जहां अब उन्हें जहरीले सांप बिच्छुओं का भी सामना करना पड़ रहा है।
बीती रात एक बर्खास्त शिक्षिका को सोते वक्त जहरीले बिच्छू ने काट लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। रातों रात उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। अधिक हालत बिगड़ने की वजह से उन्हें मेकाहारा रायपुर रेफर किया गया। फिलहाल उनकी हालत पहले से ठीक है।
ये भी पढ़ेंःअनियंत्रित होकर नहर में गिरी पिकअप, तीन बच्चे और दो महिलाएं पानी में बहे, तलाश तेज
इस मामले पर शिक्षिका के भाई का कहना है कि धरना प्रदर्शन के पहले दिन से ही उनकी बहन लगातार अपने हक की लड़ाई लड़ने तूता धरना स्थल पर रह रही हैं। उनके जैसी तमाम महिलाएं वहां अपने छोटे बच्चों को लेकर भी रह रही हैं। सरकार को जल्द से जल्द इसके लिए कोई रास्ता निकालना चाहिए। वहीं अन्य बर्खास्त शिक्षकों का कहना है कि गर्मी लगातार बढ़ रही है। हमारे साथियों को रोज नई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार से हमारी मांग है कि इस मामले में जल्दी फैसला हो जाए।