BILASPUR NEWS. प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कभी बच्चों के जलने तो कभी बच्चों से प्राचार्य द्वारा काम कराने की खबर आती है। वहीं मध्यान भोजन में भी कई हादसे होने का मामला सामने आता है। अब तखतपुर के सरकारी स्कूल में खाना बनाते समय कुकर फटा गया। इस हादसे में रसोईया बाल-बाल बची लेकिन उसका चेहरा बुरी तरह से जल गया है। जिसे उपचार के लिए सिम्स भेजा गया है।

बता दें, मामला तखतपुर विकासखंड के अंतर्गत आने वाले पूर्व माध्यमिक शाला लमेरी की है। जहां पर मंगलवार की सुबह स्कूल में खाना बनाते समय हादसा हुआ। खाना बनाने के लिए कुकर गैस पर चढ़ा हुआ था। अचानक से कुकर फट गया। इससे रसोइया पितरी बाई पटेल का चेहरा जल गया।

घटना की सूचना 112 को दी गई। जहां पर पुलिस पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए सिम्स ले जाया गया। इसके बाद इसकी जानकारी विकास खंड जिला शिक्षा अधिकारी को दी गई। इस हादसे के समय आग से बचने के लिए कोई भी अग्निरोधक सामग्री या यंत्र नहीं था। यदि वहां पर बच्चे होते तो और भी बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।

पहले भी हुए है स्कूलों में हादसे
मध्यान भोजन के दौरान सरकारी स्कूलों में हादसे होने की कई मामले पहले भी सामने आए है। इससे कुछ माह पूर्व ग्राम दो मुहानी के प्राथमिक शाला में बच्चा गर्म खीर से झुलस गया था। वहीं एक मामला पचपेड़ी क्षेत्र के प्राथमिक स्कूल का था जहां बच्चा जल गया था।




































