RAIPUR NEWS. हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के पालन की मांग को लेकर सहायक शिक्षक पद पर नियुक्ति की मांग कर रहे डीएड अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। अभ्यर्थी पिछले चार महीने से आमरण अनशन पर बैठे हैं और उनका अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को 112वें दिन में प्रवेश कर गया।

अंबेडकर जयंती के अवसर पर अभ्यर्थियों ने संविधान के प्रति सम्मान जताते हुए संविधान रैली निकाली। रैली का उद्देश्य शिक्षा मंत्री के बंगले का शांतिपूर्ण घेराव कर अपनी मांगों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना था, लेकिन पुलिस प्रशासन ने धरना स्थल के गेट पर बैरिकेड लगाकर रैली को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान अभ्यर्थियों को अपनी बात रखने का अवसर नहीं मिलने से उनमें नाराजगी और निराशा देखी गई।


डीएड अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति नहीं दी जाती, तब तक उनका आंदोलन और आमरण अनशन जारी रहेगा। उनका दावा है कि वे पिछले कई महीनों से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग उठा रहे हैं, लेकिन अब तक शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि वे संविधान और न्यायालय के आदेशों के पालन की मांग कर रहे हैं, फिर भी उन्हें रोका जा रहा है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उनका कहना है कि सरकार युवाओं के भविष्य और न्यायालय के निर्देशों को नजरअंदाज कर रही है।




































