BILASPUR. बिल्हा क्षेत्र के ग्राम खम्हारडी में घरेलू विवाद को लेकर हत्या का मामला सामने आया है। घर बनाने के लिए विवाद हो रहा था इसमें देवर ने अपनी भाभी पर सब्बल से सिर पर वार कर दिया। इसके बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया। जहां पर डाॅक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। इधर हत्या का आरोपी देवर और उसकी मां फरार है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
बता दें, बिल्हा क्षेत्र के खम्हारडीह में रहने वाली धनेश्वरी वैष्णव उम्र 35 वर्ष आंगनबाड़ी में सहायिका थी। उनके पति राहुल वैष्णव का 10 साल पहले निधन हो गया है। इसके बाद से वह गांव में रहकर अपने दो बच्चों का भरण पोषण कर रही थीं। उनकी साथ प्रमिला अपने छोटे बेटे के साथ बिल्हा में रहती हैं।
गुरुवार को प्रमिला और उसका छोटा बेटा लाला वैष्णव गांव आए। उन्होंने धनेश्वरी से गांव में मकान बनाने की बात कहीं। इस पर धनेश्वरी ने उन्हें गांव में किसी दूसरे जगह पर मकान बनाने के लिए कह दिया। इसी बात को लेकर लाला और प्रमिला उससे विवाद करने लगे।
विवाद को बढ़ता देख गांव के लोगों ने उन्हें समझाया और शांत कराया। इसके बाद सभी अपने घर चले गए। कुछ देर बाद ही धनेश्वरी का बेटा शिवम और बेटी निधि घर से चीखते-चिल्लाते बाहर की ओर भागे।
उन्होंने अपने रिश्ते के चाचा प्रहलाद को बताया कि लाला ने उनकी मां के सिर पर सब्बल से वार किया है। इससे उनकी मां जमीन पर गिर गई है। इसी बीच गांव के लोगों ने देखा कि लाला और प्रमिला बाइक से बिल्हा की ओर भाग रहे हैं।
गांव के लोगों ने जाकर देखा तो धनेश्वरी जमीन पर लहूलुहान पड़ी थी। उन्होंने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डाॅक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम कराया है।
दो बच्चों के सिर से उठा मां का हाथ
जमीन को लेकर हुए विवाद में महिला की हत्या से दो बच्चे बेसहारा हो गए हैं। धनेश्वरी के ससुर का पहले ही देहांत हो गया है। इसके बाद से उसकी सास प्रमिला अपने छोटे बेटे लाला को लेकर बिल्हा में रह रही है। धनेश्वरी के पति राहुल का 10 साल पहले देहांत हो गया। इसके बाद धनेश्वरी अपने बेटे शिवम और बेटी निधि का किसी तरह से पालन पोषण कर रही थी। धनेश्वरी की मौत के बाद दोनों बच्चे बेसहारा हो गए हैं।