NEW DELHI. लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी नए चेहरों को मैदान में उतार रही है। दरअसल, रविवार देर रात BJP ने अपनी पांचवीं सूची जारी की, जिसमें मेरठ से रामायण धारावाहिक के श्रीराम बने अरुण को टिकट दिया गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से अभिनेत्री कंगना रनौत को मैदान में उतारा है।
BJP की इस लिस्ट में 17 राज्यों के 111 सीटों से प्रत्याशियों का ऐलान किया गया है। कांग्रेस से 10 साल सांसद रहे उद्योगपति नवीन जिंदल को भाजपा ज्वाइन करने के आधे घंटे के अंदर हरियाणा की कुरुक्षेत्र सीट से टिकट मिला। गाजियाबाद से सांसद और केंद्रीय मंत्री तथा पूर्व सेनाध्यक्ष वीके सिंह ने सूची आने के पहले ही चुनाव न लड़ने की घोषणा की। उनकी सीट से अतुल गर्ग को टिकट मिला है।
सरकार और भाजपा की नीतियों पर सवाल उठाने वाले सांसद वरुण गांधी का टिकट कट गया है। उनकी जगह पीलीभीत से यूपी सरकार के मंत्री जितिन प्रसाद को मैदान में उतारा गया है। हालांकि वरुण की मां और 8 बार की लोकसभा सांसद मेनका गांधी को सुल्तानपुर से रिपीट किया गया है। प. बंगाल में ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ फैसलों से चर्चा में आए हाई कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस अभिजीत गंगोपाध्याय को तामलुक से प्रत्याशी बनाया गया है।
भाजपा की पांचवी सूची में प. बंगाल से 19, ओडिशा से 18, उत्तर प्रदेश से 13, बिहार से 17, राजस्थान से 7, आंध्र और गुजरात से 6-6, हरियाणा-कर्नाटक-केरल से 4-4, हिमाचल-तेलंगाना से 2-2, झारखंड-महाराष्ट्र से 3-3 और गोवा-मिजोरम-सिक्किम से 1-1 नाम हैं। सूची में 20 महिलाओं का भी नाम है। भाजपा अब तक 403 सीटों पर नाम घोषित कर चुकी है।
जानिए कौन कहां से लड़ रहा चुनाव
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ओडिशा की संभल सीट से चुनाव लड़ेंगे। आंध्र के पूर्व सीएम एन किरण कुमार रेड्डी राजमपेट और कर्नाटक के पूर्व सीएम जगदीश शेट्टार बेलगाम से चुनाव लड़ेंगे। हाल ही में झामुमो छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं शिबू सोरेन की बहू और हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन झारखंड की दुमका सीट से प्रत्याशी बनी हैं।
बिहार की बक्सर सीट से सांसद और केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे की जगह मिथिलेश तिवारी को टिकट मिला है। बिहार में भाजपा ने अपने कोटे की सभी 17 सीटों के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिए है।
गिरिराज सिंह को बेगूसराय, आरके सिंह को आरा, रविशंकर प्रसाद को पटना साहिब, राधामोहन सिंह को पूर्वी चंपारण, नित्यानंद राय को उजियारपुर, राजीव प्रताप रूडी को सारण से उतारा गया है। केरल की वायनाड से राहुल गांधी के सामने के. सुरेंद्रन प्रत्याशी बनाए गए हैं।