AMBIKAPUR. छत्तीसगढ़ में भाजपा के बाद अब कांग्रेस ने भी आखिर अपने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इसी बीच सीतापुर विधानसभा से प्रदेश के खाद्य मंत्री अमरजीत भगत को टिकट मिला है। रविवार को कांग्रेस की लिस्ट आने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मंत्री अमरजीत ने भाजपा प्रत्याशी और पूर्व सैनिक रामकुमार टोप्पो को लेकर विवादित बयान दिया है।
अमरजीत भगत ने राजकुमार टोप्पो पर तंज कसते हुए कहा कि देश चलाना नेताओं, राजनीतिज्ञों का काम है। देश में प्रजातंत्र की व्यवस्था है। सैनिक का काम केवल सरहद पर ड्यूटी करना और देश की सुरक्षा करना है। इसलिए बेहतर है कि सब अपना-अपना काम करें।
आपको बता दें, कांग्रेस ने अमरजीत भगत को 5वीं बार सीतापुर विधानसभा सीट से अपना प्रत्याशी पेश किया है। वही सीतापुर विधानसभा से भाजपा ने पूर्व सैनिक रामकुमार टोप्पो को प्रत्याशी घोषित किया है। उन्होंने सेना से इस्तीफा देने के बाद भाजपा पार्टी ज्वाइन की थी।
कांग्रेस की लिस्ट आने के बाद पत्रकारों से चर्चा के वक्त अमरजीत ने भाजपा प्रत्याशी राजकुमार टोप्पो को लेकर यह विवादित टिप्पणी की है। इसके साथ ही प्रत्याशी बनाए जाने पर भगत ने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व और जनता का आभार व्यक्त किया है।