KANKER. कांकेर शहर के करीब घोटिया गांव में बीती रात चार बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। अज्ञात लोगों ने बुजुर्ग को मौत के घाट उतारकर शव को पेड़ से लटका दिया। सुबह घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। घटना रात लगभग एक बजे की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घोटिया गांव निवासी बुजुर्ग दरियाव कुमेटी अपनी पत्नी महंती और मां के साथ खेत के करीब कच्चे मकान में सोया हुआ था। तभी रात लगभग एक बजे चार अज्ञात नकाबपोश घर में आ धमके और बुजुर्ग को बाहर बुलाया, बुजुर्ग के बाहर आते ही उन्होंने उसकी पत्नी को घर के भीतर ही बंद कर दिया और बुजुर्ग को खींचते हुए अपने साथ ले गए।

बुजुर्ग की पत्नी आवाज लगाती रही मगर सुनने में असमर्थ उसकी सास को घटना के बारे में पता हीं नहीं चल पाया। आज सुबह जब सास सोकर उठी तो उसने दरवाजा खोला, तब बुजुर्ग दरियाव की पत्नी ने अपने बेटे को सूचना भेजी और दरियाव की खोजबीन शुरू की गई तो घर से कुछ दूर पर स्थित खेत के एक पेड़ में उसका शव लटका हुआ था। इसके शरीर में कई जगह पर चोट के निशान थे और उसका पैर जमीन पर टिका हुआ था। मृतक के बेटे ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी, जिसके बाद घटनास्थल पर पुलिस की टीम ने जांच शुरू की।





































