AMBIKAPUR. शहर में गुरुवार रात एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन एक ट्रक जल गया। दरअसल, चालक और क्लीनर ट्रक को खड़े कर उसके केबिन में खाना बना रहे थे, तभी उसमें आग लग गई। मौका रहते दोनाें ने कूदकर जान बचाई। हालांकि उनका कहना है कि आग शॉर्ट सर्किट से हुई होगी।
घटना अंबिकापुर शहर के नमनाकला रिंगरोड पर पेट्रोल पंप के पास की है। ट्रक ओडिशा से लोहा लोड कर आया था। इसके चालक और क्लीनर ने बताया कि वे लोहा लेकर उत्तरप्रदेश जा रहे थे। जब वे यहां महामाया पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो उन्होंने यहां भोजन बनाने का फैसला किया। वहां किनारे पर उन्होंने ट्रक रोक दिया और केबिन में छोटे गैस सिलेंडर से खाना बनाने लगे। अचानक केबिन में उन्हें आग नजर आई। जैसे- तैसे दोनों बाहर कूदे। हालांकि क्लीनर हल्का झुलस गया, लेकिन तत्काल उसे अंबिकापुर मेडिकल कालेज ले जाकर इलाज किया गया। इसके बाद वह पूरी तरह स्वस्थ है।
वहीं इससे पहले इस घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। दमकल की टीम कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गई। उन्होंने आग से धधक रहे ट्रक पर पानी की बौछार कर आग को काबू में किया। ट्रक तो जला है पर दो जानें बच गई। खास बात ये कि कुछ ही दूर में पेट्रोल पंप है, ऐसे में यदि आग वहां तक पहुंच जाती तब भी बड़ी घटना हो सकती थी। इस तरह बड़ा हादसा होते- होते टल गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। उनकी ओर से आशंका जताई गई कि कहीं सिलेंडर व चूल्हे के जरिए आग तो नहीं भड़की है, तो चालक और क्लीनर ने स्पष्ट किया कि आग ट्रक के संपर्क में नहीं आया था। उन्हें आशंका है कि ट्रक में ही शॉर्ट सर्किट हुआ होगा, जिससे आग लगी होगी।






































