
tirandaj.com और khana khazana का क्विज में शामिल होकर पायें डिनर की तो स्पेशल थाली।
BHILAI. खंडेलवाल स्टोर के संचालक और व्यापारी प्रदीप खंडेलवाल को दुर्ग पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया है। प्रदीप की बहू ने ही उसके ऊपर आरोप लगाया है कि उसने कुरुद क्षेत्र में एक भूखंड का फर्जी अख्तयारनामा तैयार कर 1 करोड़ रुपए की ठगी की है।
दुर्ग कोतवाली थाना प्रभारी एसएन सिंह ने बताया कि तालपुरी निवासी व खंडेलवाल स्टोर के संचालक प्रदीप खंडेलवाल सहित 5 लोगों के खिलाफ ठगी के दो अलग-अलग मामले दर्ज हैं। प्रदीप की बहू और कमला मेडिकल स्टोर के संचालक संजय खंडेलवाल की पत्नी बरखा ने उसके ऊपर फर्जी दस्तावेज के आधार पर जालसाजी करने का मामला दर्ज कराया था।
साल 2020 में खंडेलवार स्टोर सुपेला के संचालक प्रदीप खंडेलवाल पर उसकी बहू बरखा ने थाने में शिकायत की थी कि भिलाई नगर निगम के अंतर्गत आने वाले कुरुद क्षेत्र में उनके परिवार के सम्मिलित खाते की 0.52 हेक्टेयर जमीन है। इस जमीन को प्रदीप खंडेलवाल ने आपसी सहमति व अख्तियारनामा दिए बिना ही छलपूर्वक फर्जी दस्तावेज तैयार करके अपने स्वामित्व की जमीन बताकर जमीन का सौदा कर लिया। यह सौदा पूरे 1 करोड़ रुपए में हुआ था। बरखा खंडेलवाल की शिकायत पर दुर्ग पुलिस ने आरोपी प्रदीप खंडेलवाल के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज किया है।
बता दें, प्रदीप खंडेलवाल के खिलाफ जमीन फर्जीवाड़े का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी 22 अप्रैल 2019 को उसके खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया था। तहसील कार्यालय दुर्ग के द्वारा उनके खिलाफ जमीन के फर्जीवाड़े का मामला दर्ज कराया गया था।
पुलिस ने इस मामले में प्रदीप खंडेलवाल के साथ कुछ अन्य को भी आरोपी बनाया है। इन लोगों ने मिलकर एक फर्जी इकरारनामा लगाकर भिलाई नगर निगम के कई भूखंडों को 8.10 करोड़ रुपए में बेचा था।







































